अजय शर्मा: इस पाँच दिवसीय अभियान के अंतर्गत कुल 288 बेसहारा, असहाय एवं पीड़ित लोगों का रेस्क्यू किया गया। सभी रेस्क्यू किए गए प्रभुजियों को विभिन्न आश्रमों में सुरक्षित आश्रय, भोजन, चिकित्सा एवं आवश्यक संरक्षण उपलब्ध कराया जा चुका है तथा उनके पुनर्वास एवं सेवा का कार्य निरंतर जारी है। इनमें 211 पुरुष प्रभुजी पूठ खुर्द आश्रम, 42 प्रभुजी बुधपुर महिला आश्रम एवम 28 प्रभुजी पंजाब खोड़ आश्रम में आश्रित किए गए हैं। साथ ही 4 प्रभुजी ऐसे भी रहे जिनका सफल पुनर्वास संभव हो सका और एक प्रभुजी स्वेच्छा से घर गए।
अभियान के दौरान महिलाओं, बच्चों एवं गंभीर परिस्थितियों में सड़कों पर जीवन यापन कर रहे असहाय व्यक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया गया। इनमें एक गर्भवती महिला तथा चार बच्चों सहित एक निराश्रित महिला भी शामिल थीं।
विशेष रूप से एक ऐसे प्रभुजी का रेस्क्यू किया गया, जो मूल रूप से जापान के निवासी पाए गए। उन्हें सुरक्षित संरक्षण प्रदान करते हुए जापान एम्बेसी को सूचना दी गई, जिसके उपरांत एम्बेसी की ओर से आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
इस अभियान का शुभारंभ 11 मई 2026 को दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी द्वारा मुख्यमंत्री सेवा सदन से किया गया था। अभियान को सफल बनाने में दिल्ली पुलिस, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।
संयुक्त टीमों द्वारा निरंतर सेवा, समन्वय एवं संवेदनशील प्रयासों के माध्यम से यह अभियान प्रभावी रूप से सम्पन्न हुआ, जिसका उद्देश्य बेसहारा एवं जरूरतमंद लोगों को सम्मानपूर्वक जीवन, उपचार एवं आश्रय उपलब्ध कराना है।
अपना घर आश्रम की सेवाएँ लगातार जारी रहती हैं,। आगे भी यदि ऐसे जरूरतमंद व्यक्ति कहीं नज़र आये तो इसकी जानकारी अपना घर आश्रम के टोल फ्री नंबर पर दी जा सकती है जिससे किसी पीड़ित की मदद हो सके।

