असल न्यूज़: उद्योगपति गौतम अडानी और उनके भतीजे सागर अडानी को अमेरिका में बड़ी कानूनी राहत मिली है। अमेरिकी न्याय विभाग ने सोमवार को दोनों के खिलाफ चल रहे सभी आपराधिक आरोपों को हमेशा के लिए वापस ले लिया। इसके साथ ही न्यूयॉर्क की अदालत में चल रहा हाई-प्रोफाइल सिक्योरिटीज और वायर फ्रॉड मामला भी पूरी तरह बंद हो गया है।
अमेरिकी अभियोजकों ने अदालत को बताया, कि उनके पास ऐसे पर्याप्त सबूत नहीं हैं जिनके आधार पर आरोपों को साबित किया जा सके। इसी वजह से न्याय विभाग ने मामले को आगे न बढ़ाने का फैसला लिया।
यह मामला उस समय चर्चा में आया था, जब अडानी समूह पर अमेरिकी वित्तीय नियमों के उल्लंघन और निवेशकों को गुमराह करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। हालांकि अब अमेरिकी न्याय विभाग ने अदालत से इस मामले को “पूर्वाग्रह के साथ” यानी हमेशा के लिए खारिज करने का अनुरोध किया, जिसे स्वीकार कर लिया गया।
इसी बीच अदानी एंटरप्राइजेज, ने अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के साथ 27.5 करोड़ डॉलर (करीब 2648 करोड़ रुपये) का भुगतान कर एक अलग जांच का निपटारा भी किया है। इस जांच में यह देखा जा रहा था कि क्या कंपनी ने ईरान पर लगाए गए अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन किया था।
कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, “पूर्वाग्रह के साथ” के तहत मामला खारिज होने का मतलब है कि भविष्य में इन्हीं आरोपों के आधार पर दोबारा मुकदमा नहीं चलाया जा सकेगा। यह फैसला अडानी समूह के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

