प्रदीप सिंह उज्जैन। जहांगीर पुरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लुटेरों को गिरफ्तार कर दो अलग-अलग लूटपाट के मामलों का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लूटे गए मोबाइल फोन, ₹200 नकद और एक देसी कट्टा बरामद किया है। दोनों मामलों में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, थाना जहांगीर पुरी थाने में लूटपाट के दो मामले दर्ज किए गए थे। मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त उत्तर-पश्चिम जिला के निर्देशन में दो विशेष टीमें गठित की गईं।
पहले मामले में पुलिस टीम ने समीर उर्फ शाका (19) और सचिन उर्फ PK (20) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान समीर ने दूसरे लूट मामले में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने शोएब उर्फ कुर्बान और कैफ को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं राहुल नामक युवक को मामले में बाउंड डाउन किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आसान पैसा कमाने के लिए लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू, देसी कट्टा, लूटे गए मोबाइल फोन और नकदी बरामद की।
इस कार्रवाई में एसआई दीपक कुमार और एसआई विवेक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर कुछ ही घंटों में आरोपियों को पकड़ लिया। पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर सतविंदर सिंह, SHO जहांगीर पुरी और ACP योगेंद्र खोखर की निगरानी में की गई।
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।

