प्रदीप सिंह उज्जैन: दिल्ली के अलीपुर इलाके में DDA (एलएम नॉर्थ डिविजन) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब आधा दर्जन अधूरे निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई अलीपुर स्थित 6 नंबर ड्रेन के पास खेती की जमीनों पर किए जा रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ की गई।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में कृषि भूमि पर लगातार हो रहे अवैध निर्माणों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की नजर बनी हुई थी। जांच के दौरान पाया गया कि खेती की जमीनों पर बिना अनुमति निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिसके बाद DDA के एलएम नॉर्थ डिविजन ने कार्रवाई का निर्णय लिया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों, और पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों की मदद से करीब आधा दर्जन अवैध एवं अधूरे निर्माणों को गिरा दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कृषि भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
DDA की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है, विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी भूमि पर निर्माण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित विभाग से आवश्यक अनुमति अवश्य प्राप्त करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

