असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली में एक अनोखे नाम वाली राजनीतिक-सामाजिक पहल “कॉकरोच जनता पार्टी” ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 6 जून को जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी के प्रतिनिधियों ने बताया कि संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके 6 जून को दिल्ली पहुंचेंगे और युवाओं के साथ मिलकर केंद्र सरकार की शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।
पार्टी का कहना है, कि यह प्रदर्शन CBSE, NEET और CUET जैसी प्रमुख परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाने की भी बात कही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन के सदस्यों ने आरोप लगाया, कि हाल के वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी और शैक्षणिक परीक्षाओं को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं, जिससे लाखों छात्रों और अभिभावकों में असंतोष बढ़ा है। उनका कहना है कि युवाओं की आवाज़ को संगठित तरीके से सामने लाने के लिए यह आंदोलन शुरू किया जा रहा है।
हालांकि, राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह देखना दिलचस्प होगा कि यह आंदोलन कितना व्यापक स्वरूप ले पाता है। सोशल मीडिया पर सक्रियता और जमीनी आंदोलन के बीच बड़ा अंतर होता है। ऐसे में 6 जून का प्रदर्शन इस पहल की वास्तविक ताकत का पहला बड़ा परीक्षण माना जा रहा है।
विशेषज्ञ यह भी याद दिलाते हैं, कि वर्ष 2011-13 के दौरान भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलनों ने राष्ट्रीय राजनीति को प्रभावित किया था। ऐसे में शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर शुरू हो रही किसी भी नई मुहिम पर राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर नजर रहेगी।
फिलहाल प्रशासन, की ओर से इस प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, छात्रों और युवाओं के बीच इस अभियान को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

