प्रदीप सिंह उज्जैन: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर क्षेत्र के प्रकाश विहार इलाके में बुधवार शाम एक चार मंजिला इमारत अचानक ढह गई। राहत की बात यह रही कि इमारत में दरारें दिखाई देने के बाद प्रशासन ने समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय इमारत में दरारें पड़ने की सूचना स्थानीय प्रशासन को मिली थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भवन को खाली करा लिया और आसपास के लोगों को भी सतर्क कर दिया।
शाम के समय अचानक पूरी इमारत भरभराकर गिर गई, घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी और मलबे की जांच शुरू कर दी।
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। चूंकि इमारत को पहले ही खाली करा लिया गया था, इसलिए बड़ी जनहानि टल गई।
फिलहाल प्रशासन इमारत गिरने के कारणों की जांच कर रहा है,। आसपास की इमारतों की भी जांच की जा रही है ताकि किसी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।

