असल न्यूज़: बिहार के बक्सर जिले से चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पुलिस और स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है। यहां चोरों ने किसी घर, दुकान या गोदाम को नहीं, बल्कि 132 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर को ही गायब कर दिया। इतना ही नहीं, टॉवर के साथ वहां लगा जनरेटर और अन्य तकनीकी उपकरण भी चोरी कर लिए गए।
जानकारी के अनुसार, यह मोबाइल टॉवर इलाके में कई वर्षों से स्थापित था और दूरसंचार सेवाओं के लिए उपयोग किया जाता था। आरोप है कि चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से कई दिनों तक टॉवर को धीरे-धीरे खोलकर उसके हिस्सों को वहां से हटाया। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति या संबंधित विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी।
जब टॉवर पूरी तरह गायब हो गया, और अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली, तब मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद संबंधित कंपनी और स्थानीय प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है, कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वालों ने पूरी योजना के साथ काम किया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने खुद को किसी अधिकृत एजेंसी या तकनीकी टीम के रूप में पेश किया होगा, जिससे लोगों को शक नहीं हुआ।
मामले में पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी किए गए टॉवर के हिस्सों, जनरेटर और अन्य उपकरणों को कहां ले जाया गया।
इस अनोखी चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी संरचना को कई दिनों तक खोलकर ले जाना और किसी को जानकारी न होना बेहद चौंकाने वाली बात है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, और आरोपियों की तलाश जारी है।

