प्रदीप सिंह उज्जैन। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने स्नैचिंग की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक शातिर स्नैचर निकला, जो पहले से ही कई मामलों में शामिल है और थाना बुराड़ी का बैड कैरेक्टर (BC) भी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश यादव उर्फ बनिया हरित विहार, कमालपुर माजरा, बुराड़ी, दूसरे आरोपी की पहचान रोहन उर्फ चुन्नू हरित विहार, कमालपुर माजरा, बुराड़ी, दिल्ली के रूप में हुई है. पुलिस जांच में सामने आया कि आकाश यादव पहले से स्नैचिंग और लूट के 4 मामलों में शामिल रहा है, जबकि रोहन का यह पहला आपराधिक मामला है।
ऐसे हुई थी वारदात
पुलिस के मुताबिक, 6 जुलाई 2026 को मॉडल टाउन थाना क्षेत्र में मोबाइल स्नैचिंग की PCR कॉल मिली थी। अगले दिन पीड़ित सतीश सिंह ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 6 जुलाई की शाम करीब 7 बजे वह ट्यूशन पढ़ाकर मॉडल टाउन पुलिस कॉलोनी से लौट रहे थे। जैसे ही वह टैगोर पार्क स्थित कोठी नंबर-112, प्रिंस रोड के पास पहुंचे, पीछे से बाइक पर आए दो युवकों में से पीछे बैठे आरोपी ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और दोनों मॉडल टाउन-1 रेड लाइट की ओर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना से मिली के बाद SI जोगिंदर, HC पवन और कॉन्स्टेबल चंदरपाल की टीम बनाई गई। टीम ने SHO इंस्पेक्टर अशोक गिरी और ACP सुरेश चंदर के नेतृत्व में तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपियों का पता लगाया गया।
कई स्थानों पर छापेमारी के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से छीना गया मोबाइल फोन बुराड़ी स्थित दिल्ली जल बोर्ड कार्यालय के पास नाले के किनारे से बरामद किया गया।
वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल (DL 5SCP 9146) आरोपी आकाश यादव के घर से बरामद की गई। नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे स्नैचिंग
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी ड्रग्स और शराब की लत पूरी करने तथा आसानी से पैसे कमाने के लिए स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी दिल्ली के अन्य स्नैचिंग मामलों में भी शामिल रहे हैं या नहीं। मामले की आगे की जांच जारी है।

