नीति सैन। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 162 पेटियों में भरी 8,100 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की है। यह शराब “For Sale in Haryana Only” मार्किंग के साथ हरियाणा में बिक्री के लिए थी। पुलिस ने शराब की खेप ले जा रहे अशोक लेलैंड पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है। हालांकि कार्रवाई के दौरान चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
गुप्त सूचना पर की गई नाकाबंदी
पुलिस के अनुसार, अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए स्पेशल स्टाफ लगातार संवेदनशील मार्गों पर निगरानी कर रहा था। 10 जुलाई 2026 की रात करीब 1:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर HC राजीव, HC सलींदर, कॉन्स्टेबल प्रवीण और कॉन्स्टेबल ओमबीर की टीम ने भलस्वा फ्लाईओवर, आउटर रिंग रोड के पास नाकाबंदी की।
कुछ देर बाद HR-39F-0681 नंबर का सफेद अशोक लेलैंड पिकअप वाहन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने वाहन को रोक लिया, लेकिन चालक वाहन का दरवाजा खोलकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को कुल 162 पेटियां (8,100 क्वार्टर) अवैध शराब मिली। सभी पेटियों पर “For Sale in Haryana Only” अंकित था। रेस-7 मेट्रो व्हिस्की – 20 पेटियां (1,000 क्वार्टर) फाल्कन्स छपटा संतरा व्हिस्की – 109 पेटियां (5,450 क्वार्टर) नाइट ब्लू व्हिस्की – 33 पेटियां (1,650 क्वार्टर)
इसके अलावा चालक की सीट से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसकी मदद से पुलिस फरार आरोपी और पूरे तस्करी नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
जहांगीर पुरी थाने में मामला दर्ज
पुलिस ने बरामद शराब और पिकअप वाहन को जब्त कर थाना जहांगीर पुरी में एफआईआर संख्या 448/2026 के तहत दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/38 में मामला दर्ज कर लिया है।
तस्करी नेटवर्क की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि फरार चालक की पहचान करने और उसके पीछे सक्रिय पूरे अवैध शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है। मोबाइल फोन की तकनीकी जांच के साथ अन्य सुरागों पर भी काम किया जा रहा है।

