असल न्यूज़। राजधानी दिल्ली के ITO चौराहे पर दिल्ली पुलिस का मानवीय और प्रेरणादायक चेहरा देखने को मिला, जब ट्रैफिक इंस्पेक्टर गोपाल बैंसला ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से एक वकील की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, पटियाला हाउस कोर्ट के अधिवक्ता नवनीत कुमार बाइक से तीस हजारी कोर्ट से पटियाला हाउस कोर्ट जा रहे थे। जैसे ही वे ITO रेड लाइट पहुंचे, उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वे बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े।
उसी समय कमला मार्केट सर्किल में तैनात ट्रैफिक इंस्पेक्टर गोपाल बैंसला ने उन्हें सड़क पर गिरते देखा। उन्होंने बिना देर किए सबसे पहले वकील का हेलमेट उतारा और उनकी हालत का जायजा लिया। सांसें धीमी पड़ने पर इंस्पेक्टर बैंसला ने मौके पर ही तुरंत CPR (Cardiopulmonary Resuscitation) देना शुरू कर दिया।

CPR मिलने के बाद नवनीत कुमार की सांसों में हलचल हुई। इसके बाद इंस्पेक्टर बैंसला उन्हें अपनी सरकारी गाड़ी से तुरंत LNJP अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया।
डॉक्टरों के अनुसार, यदि मौके पर समय रहते CPR नहीं दिया जाता और अस्पताल पहुंचाने में कुछ मिनटों की भी देरी होती, तो स्थिति जानलेवा हो सकती थी। इलाज के बाद अब अधिवक्ता नवनीत कुमार की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि दिल्ली पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर मानवता और जनसेवा का भी उत्कृष्ट उदाहरण पेश करती है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर गोपाल बैंसला की तत्परता और साहस की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।

