असल न्यूज़। शाहदरा जिले की स्पेशल स्टाफ और कृष्णा नगर पुलिस की टीम ने 24 घंटे के अंदर एक ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को पकड़ा है। हत्या में इस्तेमाल चाकू, खून से सनी मारुति वैगनआर कार, आरोपियों के खून से सने कपड़े, घटना में इस्तेमाल मोबाइल और अन्य महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए हैं।
आरोपियों में एक नाबालिग, चौथे की हो रही तलाश
आरोपियों की पहचान न्यू सीलमपुर निवासी अयान (20), साहिल (19) और 17 साल के नाबालिग के रूप में हुई है। अमन कुरैशी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।आरोपियों ने बताया कि लूट के मकसद से कैब बुक की। फिर ड्राइवर की हत्या कर दी। लोगों ने पीछा किया तो कैब छोड़कर फरार हो गए। शाहदरा जिला के डीसीपी राजेन्द्र प्रसाद मीणा ने बताया कि क्राइम टीम और एफएसएल एक्सपर्ट की टीम ने मौके से सबूत जुटाए। तब हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
कई CCTV की जांच के बाद मिला सुराग
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की जांच कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों ने बताया कि जाफराबाद के कुछ युवकों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी वजह से अयान ने अमन कुरैशी से हथियार की व्यवस्था करने को कहा था। अमन ने 23 जुलाई को एक चाकू लाकर अयान को दिया। इसके बाद अयान, साहिल, अमन और नाबालिग ने साथ बैठकर शराब पी और आसान तरीके से पैसे कमाने के लिए कैब लूटने की साजिश रची।

