असल न्यूज़। रोहिणी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 7,250 क्वार्टर अवैध शराब, एक पायलट कार और शराब ढोने में इस्तेमाल किया जा रहा टेंपो बरामद कर जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए रोहिणी जिले की स्पेशल स्टाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में 28-29 जुलाई की रात स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली कि प्रेम नगर थाना क्षेत्र में अवैध शराब की बड़ी खेप पहुंचाई जा रही है।
सूचना के आधार पर इंदर एन्क्लेव, किराड़ी सुलेमान नगर के पास जाल बिछाया गया। यहां पुलिस ने शराब से भरे टेंपो के आगे चल रही पायलट कार को रोक लिया। कार चालक कुलदीप उर्फ दीपु (39 वर्ष) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि टेंपो चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
जांच के दौरान टेंपो से 145 कार्टन में भरे 7,250 क्वार्टर अवैध शराब बरामद किए गए। पुलिस ने मामले में एफआईआर संख्या 370/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 33/38/58 में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी कुलदीप उर्फ दीपु, निवासी प्रेम नगर-2, किराड़ी, दिल्ली, पहले भी आबकारी अधिनियम के 11 मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस फरार टेंपो चालक की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

