प्रदीप सिंह उज्जैन। दिल्ली के रोहिणी जिले में अवैध शराब की सप्लाई के खिलाफ स्पेशल स्टाफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10,000 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की है। शराब की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक टेंपो को भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में और एसीपी ऑपरेशंस अजमेर सिंह की निगरानी में की गई।
कराला माजरी चौक के पास बिछाया जाल
पुलिस को 5 और 6 अगस्त की दरमियानी रात सूचना मिली थी कि प्रेम नगर थाना क्षेत्र में अवैध शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ की टीम ने कराला माजरी चौक, रोहिणी के पास घेराबंदी की।
कुछ देर बाद पुलिस टीम ने एक संदिग्ध टेंपो को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान टेंपो से 200 कार्टन में रखे 10,000 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुए।
टेंपो चालक की पहचान 30 वर्षीय बृजेश, निवासी इंदरगढ़ी, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस मामले में प्रेम नगर थाने में FIR नंबर 383/26 दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 33/38/58 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बृजेश पहले भी आबकारी अधिनियम से जुड़े दो मामलों में शामिल रहा है।
अवैध शराब की सप्लाई चेन की जांच जारी
स्पेशल स्टाफ की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में अवैध शराब कहां से लाई गई थी और इसे दिल्ली के किस इलाके में सप्लाई किया जाना था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अवैध शराब की पूरी सप्लाई चेन का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

