असल न्यूज़। दिल्ली पुलिस के आउटर डिस्ट्रिक्ट ने अवैध रूप से रह रहे और वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में ठहरे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए ऑपरेशन विस्टा के तहत विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 18 विदेशी नागरिकों को ओवरस्टे करते हुए पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए विदेशी नागरिकों में 9 थाईलैंड, 4 नाइजीरिया, 3 बांग्लादेश, 1 युगांडा और 1 गिनी का नागरिक शामिल है। सभी के दस्तावेजों की जांच में पासपोर्ट और वीजा की वैधता समाप्त पाए जाने के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
पीरागढ़ी चौक से 3 बांग्लादेशी नागरिक पकड़े
फॉरेनर सेल को सूचना मिली थी कि कुछ विदेशी नागरिक वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद आउटर डिस्ट्रिक्ट में रह रहे हैं और अपना ठिकाना बदलने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर टीम ने पीरागढ़ी चौक स्थित डीडीए पार्क के पास निगरानी शुरू की।
पुलिस को देखते ही कुछ संदिग्ध वहां से अलग-अलग दिशा में जाने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ की। उनकी पहचान शिहाब संजीद, एमडी अरमान मिया और मेहदी हसन रब्बी के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, तीनों वैध पहचान या यात्रा दस्तावेज पेश नहीं कर सके। जांच में उनके पासपोर्ट और वीजा की अवधि समाप्त होने की पुष्टि हुई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को हिरासत में लिया गया और FRRO के साथ मिलकर डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू की गई।
15 अन्य विदेशी नागरिक भी पकड़े गए
एक अलग सत्यापन अभियान में पश्चिम विहार ईस्ट थाना, निहाल विहार थाना और फॉरेनर सेल की टीमों ने इलाके में रह रहे विदेशी नागरिकों की जांच की। इस दौरान कुल 15 विदेशी नागरिकों को पकड़ा गया। जिसमे 9 थाईलैंड के नागरिक, 4 नाइजीरिया के नागरिक, 1 युगांडा का नागरिक,1 गिनी का नागरिक, पुलिस टीम में शामिल HC उमेद, HC रविंदर, HC आशीष, कांस्टेबल रोहित, कांस्टेबल सुमेर और महिला कांस्टेबल रेनू, इंस्पेक्टर सुंदर सिंह के नेतृत्व में।
शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, दस्तावेजों की जांच के दौरान इनके पास मौजूद पासपोर्ट और वीजा की वैधता समाप्त पाई गई। इसके बाद संबंधित इमिग्रेशन अधिकारियों और FRRO के साथ समन्वय कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस ने चलाया विशेष सत्यापन अभियान
ऑपरेशन विस्टा के तहत आउटर डिस्ट्रिक्ट की फॉरेनर सेल का मुख्य उद्देश्य ऐसे विदेशी नागरिकों का पता लगाना है जो बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहे हैं या वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी देश में ठहरे हुए हैं।
फॉरेनर सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर सुंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार सत्यापन अभियान चला रही है। पुलिस संदिग्ध विदेशी नागरिकों से पूछताछ करने के साथ उनके पासपोर्ट, वीजा और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। पकड़े गए नागरिकों के संबंध में आगे की कार्रवाई संबंधित इमिग्रेशन अधिकारियों और FRRO के समन्वय से की जा रही है।

