असल न्यूज़। द्वारका जिले की एंटी-बर्गलरी सेल ने बुजुर्ग नागरिकों को निशाना बनाकर स्नैचिंग करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर छावला थाना क्षेत्र में हुई ₹80 हजार की स्नैचिंग की वारदात को सुलझा लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान दीपक उर्फ छोटे (35) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार श्याम विहार फेज-II, दीनपुर, छावला, नजफगढ़ इलाके में 88 वर्षीय बुजुर्ग हरिश चंद से एक बैग छीना गया था। बैग में ₹80,000 नकद, केनरा बैंक की चेकबुक और चश्मा रखा हुआ था। इस संबंध में थाना छावला में FIR नंबर 0370/2026 के तहत BNS की धारा 304(2) में मामला दर्ज किया गया था।
100-125 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
वारदात को सुलझाने के लिए एंटी-बर्गलरी सेल की टीम ने घटनास्थल और आरोपी के संभावित भागने के रास्तों पर लगे करीब 100 से 125 CCTV कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान सामने आया कि वारदात के तुरंत बाद आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए अपनी टी-शर्ट उतारकर कपड़े बदल लिए थे।
तकनीकी निगरानी और CCTV फुटेज के लगातार विश्लेषण के बाद पुलिस टीम ने आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
बैंक से कैश निकालने वालों का करता था पीछा
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह बैंकों में जाकर कैश निकालने वाले बुजुर्ग और वरिष्ठ नागरिकों की पहचान करता था। इसके बाद वह उनका चुपचाप पीछा करता था और सुनसान जगह मिलने पर कैश व अन्य सामान छीन लेता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वारदात के बाद बैग, चेकबुक और चश्मे को घटनास्थल से कुछ दूरी पर फेंक दिया था। इन सामानों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
40,400 कैश और LED टीवी बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹40,400 नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने छीने गए ₹80,000 में से ₹39,600 पहले ही खर्च कर दिए थे। इस रकम से खरीदा गया एक LED टीवी भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी दीपक उर्फ छोटे, पुत्र स्वर्गीय सतपाल, निवासी ऋषाल गार्डन, निलोठी, नांगलोई, नई दिल्ली का रहने वाला है। उसकी उम्र करीब 35 वर्ष है और वह दैनिक मजदूरी पर व्हाइटवॉश और पेंटिंग का काम करता है। पुलिस ने मामले में आगे की जांच जारी होने की बात कही है।

