असल न्यूज़। दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में DTC कर्मचारी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन सक्रिय लुटेरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गुलजार (27), मोहम्मद सरवर उर्फ समीर (24) और शहजाद (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 5 लूटे/चोरी के मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल एक स्विफ्ट कार और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी से तीन मामलों का खुलासा हुआ है। बरामद दो मोबाइल फोन अन्य मामलों से भी जुड़े पाए गए हैं, जबकि दो मोबाइल फोन की अभी जांच की जा रही है।
बाइक पंचर होने पर DTC कर्मचारी को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की सुबह करीब 5:30 से 5:45 बजे DTC में कंडक्टर के पद पर कार्यरत शिकायतकर्ता अपने एक सहकर्मी के साथ मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जा रहा था। जब वह रिंग रोड फ्लाईओवर, मंगोलपुरी इलाके में पहुंचा तो उसकी मोटरसाइकिल पंचर हो गई।
शिकायतकर्ता बाइक से नीचे उतरा ही था कि इसी दौरान काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। उनमें से एक युवक बाइक से उतरा और शिकायतकर्ता को धमकाते हुए कहा कि उसके पास पिस्तौल है और सामान नहीं देने पर वह गोली मार देगा।
डर के कारण शिकायतकर्ता ने आरोपियों को दो मोबाइल फोन और 1,300 रुपये नकद दे दिए। इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से पीरागढ़ी की ओर फरार हो गए।
CCTV और लोकल इंटेलिजेंस से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के लिए थाना मंगोलपुरी की पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाकर आरोपियों की पहचान और उनके ठिकाने का पता लगाने का प्रयास किया गया।
पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने के बाद एक स्थान पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मोहम्मद सरवर उर्फ समीर और गुलजार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता कबूल की और अपने अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी।
आरोपियों से मोबाइल और स्विफ्ट कार बरामद
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गुलजार के कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद किए गए, जबकि मोहम्मद सरवर उर्फ समीर के पास से एक मोबाइल फोन और एक स्विफ्ट कार बरामद हुई।
जांच के दौरान बरामद मोबाइल फोन में से दो मोबाइल अलग-अलग मामलों से जुड़े पाए गए। बाकी दो मोबाइल फोन की भी पुलिस द्वारा जांच और सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि बरामद स्विफ्ट कार आरोपी मोहम्मद सरवर उर्फ समीर के बहनोई के नाम पर पंजीकृत है।
तीसरा आरोपी चांद बाग से गिरफ्तार
आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी शहजाद को दिल्ली के चांद बाग इलाके से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, शहजाद की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई। जांच में यह मोटरसाइकिल e-MVT No. 22700/26, धारा 305 BNS, थाना दयालपुर, नॉर्थ-ईस्ट जिला के मामले से जुड़ी मिली।
इस तरह पुलिस ने वर्तमान लूट के मामले के साथ-साथ चोरी और वाहन चोरी से जुड़े कुल तीन मामलों का खुलासा किया है।
पुलिस की कार्रवाई में बरामदगी 5 लूटे/चोरी के मोबाइल फोन, 1 स्विफ्ट कार, जिसका इस्तेमाल वारदात में किया गया,1 चोरी की मोटरसाइकिल, जिसका इस्तेमाल अपराध में किया गया
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामद सामान को नियमानुसार केस प्रॉपर्टी के तौर पर जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और बरामद अन्य मोबाइल फोन के संबंध में भी सत्यापन किया जा रहा है।

