अजय शर्मा: राजधानी दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में फर्जी पार्किंग के नाम पर लोगों से पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना पुलिस ने MCD की नकली पार्किंग पर्चियां काटकर अवैध वसूली करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुभाष मार्ग पर प्रेजेंटेशन स्कूल के पास फुटपाथ पर अवैध पार्किंग का संचालन कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों को पार्किंग की जगह दिखाकर MCD के नाम पर नकली रसीदें काटता था और उनसे पार्किंग शुल्क वसूलता था। पुलिस टीम को देखकर आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।
नकली पार्किंग पर्चियों की बुकलेट बरामद
पुलिस की जांच के दौरान आरोपी के पास से ‘MCD AUTH. SCT/BIKE PARKING’ लिखी नकली पार्किंग पर्चियों की बुकलेट बरामद हुई है। इसके अलावा अवैध पार्किंग के नाम पर वसूले गए पैसे भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
जांच में आरोपी के पास पार्किंग संचालन का कोई वैध लाइसेंस या सरकारी अनुमति नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज
इस मामले में कोतवाली थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 319(2) के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे जांच कर रही है।
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी भी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले कथित जॉब फ्रॉड रैकेट का भी पर्दाफाश किया है। पुलिस ने द्वारका मोड़ के पास पटेल गार्डन से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया।
आरोपी नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को पर्चे बांटकर अपने जाल में फंसाता था। वह नौकरी दिलाने के बहाने रजिस्ट्रेशन फीस और यूनिफॉर्म के नाम पर पैसे वसूलता था, लेकिन लोगों को न तो नौकरी दी जाती थी और न ही यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाती थी।
दिल्ली पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है।

