असल न्यूज़: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक इंटरस्टेट ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 1.436 किलो फाइन क्वालिटी चरस बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है।
ट्रेन छूटने से पहले दबोचे गए तस्कर
क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम को 19 मार्च को सूचना मिली थी कि हिमाचल प्रदेश का एक तस्कर दिल्ली में चरस की सप्लाई करने आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पहले जीटी करनाल बाइपास पर जाल बिछाया, लेकिन आरोपी वहां से बच निकले।
इसके बाद टीम ने आईएसबीटी कश्मीरी गेट पर बसों की जांच की, फिर भी आरोपी हाथ नहीं लगे। आखिरकार पुख्ता सूचना पर पुलिस हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां महाराष्ट्र संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच से ट्रेन छूटने से कुछ मिनट पहले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
1 किलो से ज्यादा चरस बरामद
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 1.436 किलो फाइन क्वालिटी चरस बरामद हुई। इस मामले में क्राइम ब्रांच थाने में NDPS एक्ट की धारा 20/29 के तहत केस दर्ज किया गया है।
मलाणा से लाई गई थी चरस
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह चरस हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के मलाणा गांव निवासी नौलू राम से खरीदी गई थी। पुलिस ने मलाणा में उसके घर पर छापा भी मारा, लेकिन वह फरार मिला। उसकी तलाश जारी है।
दोनों आरोपी रिश्तेदार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम चंद उर्फ ओमू और उसके चचेरे भाई प्यारे सिंह के रूप में हुई है। दोनों हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं। ओमू टैक्सी चालक है और इसी नेटवर्क के जरिए ड्रग्स तस्करी में शामिल था।

