असल न्यूज़: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में देसी शराब पीने से तीन लोगों की मौत का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना दौराला थाना क्षेत्र के एक गांव की है, जहां शराब पीने के बाद तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।
एसएसपी बोले—पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि मौत के असली कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से खरीदी गई थी और उसकी सप्लाई कैसे हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को टेट्रा पैक शराब की कई पेटियां बेची गई थीं, लेकिन अन्य जगहों से ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।
परिजनों का हंगामा, जहरीली शराब का आरोप
मृतकों के परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए जहरीली शराब का आरोप लगाया है। बाबूराम के बेटे सचिन के अनुसार, हालत बिगड़ने पर तीनों को टोल प्लाजा के पास स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बताया गया कि अंकित और जितेंद्र की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि बाबूराम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
ठेका सील, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी वी.के. सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे और एसपी सिटी आयुष विक्रम समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने संबंधित शराब के ठेके को सील कर दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
मौके से शराब के पव्वे बरामद
प्रारंभिक जांच में मौके से चार पव्वे बरामद किए गए हैं, जिनमें तीन ‘दिलकश’ और एक ‘बंटी जीरा मसाला’ ब्रांड की शराब शामिल है। आशंका जताई जा रही है कि इसी शराब के सेवन से लोगों की हालत बिगड़ी। हालांकि, इसकी पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
जांच जारी
पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

