असल न्यूज़। दिल्ली क्राइम ब्रांच ने बॉक्सर मर्डर केस में फरार चल रहे कुख्यात बदमाश विकास दहिया उर्फ सोनू उर्फ ठेकेदार (42) को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पहले से ही एक हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पा चुका था और हाई कोर्ट से जमानत पर बाहर आया था।
पुलिस के अनुसार, विकास दहिया ने जुलाई 2025 में अपने साथियों के साथ मिलकर दिल्ली के सुराखपुर निवासी बॉक्सिंग खिलाड़ी विकास डागर उर्फ भिंडा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने खुद कई राउंड फायरिंग की थी, जिससे मौके पर ही पीड़ित की मौत हो गई।
इस मामले में द्वारका जिले के बाबा हरिदास नगर थाने में हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और द्वारका कोर्ट ने 18 अक्टूबर 2025 को उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
डीसीपी (क्राइम) पंकज कुमार के मुताबिक, विकास दहिया का आपराधिक रिकॉर्ड काफी पुराना है। वह सोनीपत के खरखौदा का रहने वाला है और ग्रेजुएट है। इससे पहले वह 9 नवंबर 2010 को सोनीपत में हुई हत्या का मुख्य आरोपी था, जिसमें उसे 4 सितंबर 2012 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।
क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी चंडीगढ़ में छिपा हुआ है। इंस्पेक्टर विनोद यादव की टीम और हेड कॉन्स्टेबल रामनिवास की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपी के फरार साथियों सुमित राणा उर्फ छोटू और कृष्ण दहिया उर्फ महाराज की तलाश कर रही है।

