असल न्यूज: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में पुलिस ने देह व्यापार के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। मारहरा रोड स्थित एक OYO होटल में छापेमारी कर तीन युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि होटल के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
छापेमारी में खुला राज
पुलिस को लंबे समय से होटल में अवैध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। इसी आधार पर सीओ सिटी कीर्तिका सिंह के नेतृत्व में टीम ने शनिवार रात छापा मारा। होटल के कमरा नंबर 106 और 108 में तीन युवतियां आपत्तिजनक हालत में मिलीं, जबकि दो पुरुष भी मौके पर मौजूद थे।
पश्चिम बंगाल से लाई गई थीं युवतियां
जांच में सामने आया कि दो युवतियां पश्चिम बंगाल से और एक बुलंदशहर की रहने वाली है। आरोप है कि होटल संचालक ने इन्हें कुछ समय पहले यहां बुलाया था और देह व्यापार में धकेला जा रहा था।
मैनेजर गिरफ्तार, मालिक फरार
पुलिस ने मौके से होटल मैनेजर मनवीर को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि होटल मालिक भोले ग्राहकों से संपर्क कर युवतियों को बुलाता था और पैसों का लेन-देन करता था। फिलहाल होटल मालिक फरार है और उसकी तलाश जारी है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब होटल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, ताकि ग्राहकों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस को शक है कि यह एक बड़ा रैकेट हो सकता है, जिसके तार अन्य राज्यों से जुड़े हैं।
होटल सील, युवतियां सुरक्षित
छापेमारी के बाद होटल को सील कर दिया गया है। रेस्क्यू की गई युवतियों को महिला थाना भेजा गया है, जहां से उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
कमरे 500 में, वसूली 2000-3000 तक
जानकारी के अनुसार, होटल में 500 रुपये में कमरा उपलब्ध कराया जाता था, जबकि ग्राहकों से 2 से 3 हजार रुपये तक वसूले जाते थे। अधिकतर ग्राहक कुछ घंटों के लिए ही ठहरते थे।

