दोहरी प्रशासनिक व्यवस्था बनी वजह, दिल्ली नर्सेज फेडरेशन ने 7 दिन में भुगतान की दी चेतावनी
असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली के G.B. Pant Hospital में कार्यरत 53 नर्सों को पिछले आठ महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। यह मामला प्रशासनिक उलझन के कारण Indira Gandhi Hospital (आईजीएच) और जीबी पंत अस्पताल के बीच अटका हुआ है।
दिल्ली नर्स फ़ेडरेशन के अनुसार, इन नर्सों का वेतन जारी करने की जिम्मेदारी इंदिरा गांधी अस्पताल को सौंपी गई है, जबकि वे अपनी सेवाएं जीबी पंत अस्पताल में दे रही हैं। इसी दोहरे प्रशासनिक ढांचे के चलते वेतन भुगतान की प्रक्रिया लंबित पड़ी है।
फेडरेशन ने बताया कि, जीबी पंत अस्पताल प्रशासन ने 21 जनवरी को सभी 53 नर्सों की व्यक्तिगत फाइलें आईजीएच को भेज दी थीं। इसके साथ ही 14 सितंबर 2025 से 31 मार्च 2026 तक का पूरा उपस्थिति रिकॉर्ड भी साझा किया गया था। बावजूद इसके अब तक वेतन जारी नहीं किया गया है और न ही कोई स्पष्ट जानकारी दी गई है।
मामले को, गंभीरता से लेते हुए दिल्ली नर्सेज फेडरेशन ने इंदिरा गांधी अस्पताल के चिकित्सा निदेशक को पत्र लिखकर सात दिनों के भीतर सभी बकाया वेतन जारी करने की मांग की है। फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में भुगतान नहीं हुआ तो मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

