Thursday, April 23, 2026
Google search engine
Homecrime newsशालीमार बाग में घरेलू सहायिका का बड़ा खेल. डेढ़ करोड़ के जेवर-नकदी...

शालीमार बाग में घरेलू सहायिका का बड़ा खेल. डेढ़ करोड़ के जेवर-नकदी लेकर फरार

शालीमार बाग में दोबारा वारदात, पहले भी करोड़ों की चोरी कर चुकी है आरोपी महिला; पुलिस पर उठे सवाल

असल न्यूज़: दिल्ली में घरेलू सहायकों के वेरिफिकेशन को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शालीमार बाग इलाके में एक घरेलू सहायिका ने महज तीन दिन के भीतर भरोसा जीतकर करीब डेढ़ करोड़ रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया और फरार हो गई।


आधार कार्ड के नाम पर करती रही बहानेबाजी

जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला को 17 अप्रैल को कारोबारी विजयपाल गुप्ता के घर काम पर रखा गया था। परिवार ने उससे वेरिफिकेशन के लिए आधार कार्ड मांगा, लेकिन वह हर बार “कल लाने” का बहाना बनाकर टालती रही।

तीसरे दिन सुबह जब घरवाले पूजा में व्यस्त थे, तभी महिला ने मौका पाकर अलमारी का ताला खोला और सोने के जेवर व 4-5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गई। चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।


पहले भी कर चुकी है करोड़ों की चोरी

यह पहली घटना नहीं है। जानकारी सामने आई है कि इसी महिला ने करीब छह महीने पहले भी शालीमार बाग के ही एक अन्य कारोबारी जयभगवान गर्ग के घर से लगभग 1 करोड़ रुपये के जेवर और नकदी चोरी की थी।

उस समय भी उसने यही तरीका अपनाया था—पहले काम पर लगी, आधार कार्ड देने का बहाना बनाया और फिर तीसरे दिन चोरी कर फरार हो गई।


CCTV में कैद, फिर भी पुलिस के हाथ खाली

पिछली वारदात के दौरान आरोपी महिला का चेहरा सीसीटीवी कैमरे में साफ कैद हुआ था। इसके बावजूद पुलिस अब तक उसे पकड़ नहीं पाई है। अब दूसरी बड़ी चोरी के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।


स्क्रू ड्राइवर लेकर आई थी आरोपी

पीड़ित परिवार के अनुसार, महिला अपने साथ स्क्रू ड्राइवर लेकर आई थी, जिससे उसने अलमारी का ताला खोला। आरोपी ने अपना नाम “अनीता” बताया था और उसकी उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है।



पुलिस जांच जारी

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी महिला की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments