असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली के लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब डीडीए (DDA) के सभी प्रमुख पार्कों में सुबह 10 बजे तक लोगों को मुफ्त प्रवेश मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डीडीए ने यह बड़ा फैसला लिया है। इससे मॉर्निंग वॉक, दौड़ और योग करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने एलजी और डीडीए चेयरमैन तरनजीत सिंह संधू के निर्देश पर यह पहल शुरू की है। अब सुबह 10 बजे तक डीडीए के बड़े और हेरिटेज पार्कों में किसी भी प्रकार की एंट्री फीस नहीं देनी होगी।
इन पार्कों में मिलेगी फ्री एंट्री
डीडीए के जिन पार्कों में यह सुविधा लागू की गई है, उनमें प्रमुख रूप से:
- महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क
- बांसेरा
- असिता पार्क
- क्रांति उद्यान
- अटल सद्भावना पार्क
- वासुदेव पार्क
- वैष्णवी पार्क
- अमृत बायोडायवर्सिटी पार्क
- लाला हरदयाल पार्क
- स्मृति वन
शामिल हैं। इन पार्कों में पहले 20 से 50 रुपये तक एंट्री फीस ली जाती थी।
फिट इंडिया अभियान को मिलेगा बढ़ावा
डीडीए का मानना है कि इस फैसले से ज्यादा से ज्यादा लोग पार्कों में पहुंचेंगे और फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। सुबह के समय लोग बिना किसी शुल्क के टहल सकेंगे, योग कर सकेंगे और खुले वातावरण में व्यायाम का आनंद ले सकेंगे।
पहले भी हो चुका है विरोध
द्वारका स्थित डीडीए पार्क और वासुदेव पार्क में एंट्री फीस लगाए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध भी किया था। लोगों का कहना था कि पार्कों में सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं, फिर भी शुल्क लिया जा रहा है। फीस लागू होने के बाद कई पार्कों में लोगों की संख्या कम हो गई थी।
10 बजे के बाद लगेगी एंट्री फीस
सुबह 10 बजे के बाद कुछ चुनिंदा बड़े पार्कों में एंट्री फीस लागू रहेगी:
- वयस्क: लगभग ₹20 प्रतिदिन
- वरिष्ठ नागरिक: लगभग ₹10 प्रतिदिन
- 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए प्रवेश मुफ्त रहेगा।
दिल्ली के प्रमुख DDA पार्क
दिल्ली के चर्चित डीडीए पार्कों में द्वारका का भारत वंदना पार्क, सेक्टर 16D का डीडीए ग्रीन, जसोला का लाला हरदयाल पार्क और लक्ष्मी नगर का असिता पार्क शामिल हैं। हरियाली और खुले वातावरण के कारण ये पार्क लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।

