असल न्यूज़: पंजाबी बाग इलाके में हुई झपटमारी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मादीपुर चौकी पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.15 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों, की पहचान मोहम्मद मोनिश (31), सुनील कश्यप (39) और मोहम्मद आसिफ उर्फ आशू (26) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मोनिश रणहौला थाने का घोषित अपराधी भी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया, कि 10 मई को पंजाबी बाग थाने में झपटमारी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह पश्चिम विहार एक्सटेंशन में काम करता है और अपने मकान मालिक के 5 लाख रुपये लेकर पंजाबी बाग पहुंचा था। इसी दौरान दो बदमाशों ने उससे रुपयों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।
मामले की जांच के दौरान, पुलिस टीम ने इलाके के 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर सबसे पहले सुनील कश्यप को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के नाम बताए और खुलासा किया कि वारदात को अंजाम देने से पहले पूरी रेकी की गई थी।
इसके बाद पुलिस, ने मोहम्मद मोनिश और आसिफ उर्फ आशू को भी गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी रितिक उर्फ गोलू और भूरा की तलाश में जुटी हुई है।

