अजय शर्मा। जहांगीरपुरी थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए वारदात में शामिल तीन नाबालिकों को किया गिरफ्तार। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 29 मई 2026 को थाना जहांगीरपुरी में FIR संख्या 324/26 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था। यह मामला जहांगीरपुरी के सी-ब्लॉक इलाके में हुए एक झगड़े से जुड़ा था, जिसमें 26 वर्षीय अरबाज को चाकू मार दिया गया था। गंभीर रूप से घायल अरबाज को उपचार के लिए बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (BJRM) अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी के बयान, स्थानीय खुफिया जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीन नाबालिकों को किया गिरफ्तार।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान एक आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

