अजय शर्मा: बकरीद (ईद-उल-अजहा) से पहले आगरा के शाहगंज क्षेत्र में एक मुस्लिम परिवार द्वारा आयोजित अनोखा कार्यक्रम चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय निवासी और अधिवक्ता गुल चमन शेरवानी ने अपने आवास पर बकरे की तस्वीर वाला केक काटकर पशु संरक्षण और आत्म-सुधार का संदेश दिया।
शेरवानी परिवार द्वारा आयोजित, इस कार्यक्रम में कुर्बानी के धार्मिक और सामाजिक पहलुओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान गुल चमन शेरवानी ने कहा कि कुर्बानी का वास्तविक अर्थ त्याग, समर्पण और अपनी बुराइयों को छोड़ने की भावना से जुड़ा है। उन्होंने लोगों से समाज में प्रेम, भाईचारे और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने की अपील की।
उन्होंने अपने विचार व्यक्त, करते हुए कहा कि किसी भी धार्मिक परंपरा का मूल उद्देश्य इंसान के भीतर सकारात्मक बदलाव लाना और मानवता की सेवा करना है। उनका मानना है कि आत्म-सुधार और अच्छे कार्यों के प्रति समर्पण भी कुर्बानी की भावना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस अवसर पर आयोजित, कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भी भाग लिया। उपस्थित लोगों ने इस पहल को सामाजिक जागरूकता और सद्भाव का संदेश देने वाला प्रयास बताया।
कार्यक्रम के बाद स्थानीय स्तर पर इस आयोजन की चर्चा शुरू हो गई, कई लोगों ने इसे सामाजिक संदेश देने वाली पहल बताया, जबकि कुछ लोगों ने इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी व्यक्त कीं।
शेरवानी परिवार का कहना है, कि उनका उद्देश्य किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, शांति और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

