असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली के न्यू राजेंद्र नगर इलाके में गुरुवार सुबह एक घर के अंदर दो बुजुर्ग महिलाओं के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक महिलाएं रिश्ते में ननद-भाभी बताई जा रही हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे घर से बदबू आने की सूचना मिली थी। यह जानकारी घर में काम करने वाली हाउस हेल्पर ने पुलिस को दी। उसने बताया कि घर के सभी दरवाजे बंद थे और अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर जांच की तो एक कमरे में दोनों महिलाओं के शव बरामद हुए।
मृतकों की पहचान 80 वर्षीय चंद्रकांता और 80 वर्षीय सरोज बाला के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, एक महिला बिस्तर पर मृत अवस्था में मिली, जबकि दूसरी महिला का शव कमरे के फर्श पर पड़ा हुआ था।
जांच के दौरान पुलिस को घर में जबरन प्रवेश, तोड़फोड़ या संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले हैं। क्राइम टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और कमरे से चाय के कप भी बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में किसी आपराधिक साजिश के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सरोज बाला अविवाहित थीं, जबकि चंद्रकांता उनकी भाभी थीं। दोनों लंबे समय से साथ रह रही थीं और पेंशन के सहारे अपना जीवन यापन कर रही थीं।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
इस घटना ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है, पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

