असल न्यूज़: गुजरात में कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक इंडिगो फ्लाइट से करीब 4 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त किया है। अधिकारियों को यह सोना विमान के टॉयलेट में लगे स्पीकर के भीतर छिपा हुआ मिला।
जानकारी के अनुसार, दुबई से अहमदाबाद पहुंची इंडिगो फ्लाइट की जांच के दौरान कस्टम अधिकारियों को संदेह हुआ। तलाशी लेने पर विमान के टॉयलेट स्पीकर के अंदर दो थैलियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 24 सोने के बिस्कुट छिपाकर रखे गए थे।
अधिकारियों ने बताया, कि बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ रुपये आंकी गई है। सोने को जब्त कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है, कि सोना किसने और किस उद्देश्य से विमान में छिपाया था। कस्टम विभाग फ्लाइट के क्रू, यात्रियों और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर रहा है।
अधिकारियों का मानना है, कि यह मामला सोने की तस्करी से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
हाल के वर्षों में हवाई मार्ग से सोने की तस्करी के कई मामले सामने आए हैं, जिसके चलते कस्टम विभाग और सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्कता बरत रही हैं।

