Wednesday, July 22, 2026
Google search engine
Homecrime updateआजाद मार्केट से 11 साल पुराने चोरी के मामले का घोषित अपराधी...

आजाद मार्केट से 11 साल पुराने चोरी के मामले का घोषित अपराधी गिरफ्तार

असल न्यूज़। द्वारका जिला पुलिस की एंटी जेल बेल एवं प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर्स (P.O.) सेल ने लंबे समय से फरार चल रहे एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी समीर खान उर्फ हबीब उर्फ नईम (38 वर्ष) को कश्मीरी गेट स्थित आजाद मार्केट इलाके से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2014 के चोरी के मामले (एफआईआर संख्या 402/2014, थाना उत्तम नगर) में न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था। इसके चलते 28 फरवरी 2023 को द्वारका कोर्ट ने उसे घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) घोषित कर दिया था।

गुप्त सूचना पर बिछाया जाल

डीसीपी द्वारका के निर्देश पर घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत इंस्पेक्टर हरीश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी एवं स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की।

15 जुलाई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि समीर खान, जो गुजरात में रह रहा है, किसी परिचित से मिलने के लिए दिल्ली के आजाद मार्केट, कश्मीरी गेट आएगा। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर जाल बिछाया और आरोपी को दबोच लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में हुए कई बड़े खुलासे

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि द्वारका कोर्ट में चल रहे मामले में सजा के डर से वह करीब 6–7 वर्ष पहले गुजरात भाग गया था, जहां उसने अवैध गतिविधियों में शामिल होना शुरू कर दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुलासा किया कि वह गुजरात एटीएस द्वारा दर्ज एक बड़े हेरोइन तस्करी मामले में भी आरोपी रह चुका है। इस मामले में गुजरात एटीएस ने 145.07 किलोग्राम हेरोइन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 600 करोड़ रुपये बताई गई थी, बरामद की थी। इस मामले में दर्ज एफआईआर के तहत आरोपी लगभग साढ़े चार वर्ष तक साबरमती जेल में बंद रहा।

उसने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली केवल अपने एक परिचित से मिलने आया था, लेकिन पुलिस ने उसे पहले ही गिरफ्तार कर लिया।

कई गंभीर मामलों में शामिल रहा आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी, सेंधमारी, स्नैचिंग, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।

द्वारका जिला पुलिस ने बताया कि घोषित अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments