असल न्यूज़। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर ब्रह्मपुरी स्थित श्री हनुमान मंदिर (रजि.) समिति, ई-3, गली नंबर-6 में भव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु परंपरा का सम्मान किया।
समिति के प्रधान विजय शर्मा ने बताया कि प्रातःकाल से ही श्री बालाजी महाराज की कृपा से परमपूज्य ब्रह्मलीन पंडित श्री रामगोपाल शर्मा जी महाराज (अलवर वाले), पंडित ताराचंद जी महाराज (पालम वाले) तथा पंडित मुरारीलाल सारस्वत जी गुरु महाराज (रबड़ी वाले) का श्रद्धालुओं द्वारा विधिवत जलाभिषेक किया गया।
इस अवसर पर मंदिर के परमपूज्य महंत रहे ब्रह्मलीन सतीश भाई जी को आसन पर विराजमान कर गुरु परंपरा का निर्वहन किया गया। इसके बाद गुरु महाराज का पूजन, संगीतमय गुरुमंत्र जाप, भजनांजलि, प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में लोमेश त्यागी, उमाकांत, पंकज गुप्ता, सत्यनारायण बंसल, यशपाल, परशुराम रावत, हेमंत अवस्थी (चिंटू), संजीत शर्मा (कालू बजरंगी), हिमांशु सेन, जितेंद्र उपाध्याय, पदम भार्गव (मामा), मोहित गुप्ता, तनुज सोलंकी, करण कुमार, पुजारी पंडित केशव भारद्वाज और पंडित पंकज मिश्रा सहित समिति के अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक दूधिया रोशनी से सजाया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय और मनमोहक बन गया। गुरु पूर्णिमा महोत्सव में श्रद्धालुओं ने गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त कर धर्म एवं संस्कृति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

