असल न्यूज़। आउटर डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल स्टाफ टीम ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुल्तानपुरी इलाके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल बरामद की है। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार स्पेशल स्टाफ आउटर डिस्ट्रिक्ट की टीम सुल्तानपुरी इलाके में गश्त कर रही थी। टीम में एसआई अंकित, एएसआई कृष्ण राठी, एचसी रोहित, एचसी मनजीत और एचसी रवि शामिल थे। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर रोहित, इंचार्ज स्पेशल स्टाफ कर रहे थे।
गश्त के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि पी-4 ब्लॉक, सुल्तानपुरी इलाके में एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान हर्ष उर्फ चिनू, निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी पिस्तौल बरामद की। हथियार को नियमानुसार जब्त कर लिया गया।

