असल न्यूज़। कल्याणपुरी थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय अनिल की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली से भागने की कोशिश कर रहा था, तभी ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान निहाल उर्फ पुल्ला, उम्र 52 वर्ष, निवासी कल्याणपुरी के रूप में हुई है।
चाकू लगने से हुई थी अनिल की मौत
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को सुबह करीब 8:17 बजे थाना कल्याणपुरी में चाकूबाजी की घटना को लेकर PCR कॉल मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि अनिल पुत्र रामासरे, उम्र 28 वर्ष, के सीने में चाकू लगा था। गंभीर हालत में उसे LBS अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के संबंध में थाना कल्याणपुरी में संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए ईस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस की कई टीमों ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले, तकनीकी निगरानी की और स्थानीय स्तर पर पूछताछ की। इन प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी निहाल उर्फ पुल्ला की पहचान की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी इलाके में सफाई कर्मचारी के तौर पर काम करता था।
दिल्ली से भागते समय आरोपी गिरफ्तार
आरोपी को ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने उस समय गिरफ्तार किया, जब वह दिल्ली से बाहर भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया चाकू और घटना के समय पहने हुए कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस अब हत्या की पूरी वजह, घटना के पीछे के विवाद और वारदात की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।

