असल न्यूज़। पूर्वी जिले में पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो ऑटो-लिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक TVS Jupiter स्कूटी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद वाहन चोरी के पांच मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस की टीम EDM मॉल के पास रोड नंबर-56, आनंद विहार में पिकेट लगाकर संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने आनंद विहार की तरफ से आ रही ग्रे रंग की TVS Jupiter स्कूटी को रोकने का इशारा किया। स्कूटी पर दो युवक सवार थे और दोनों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।
पुलिस का कहना है कि रुकने के बजाय स्कूटी सवारों ने अचानक वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की। इसी दौरान स्कूटी फिसल गई और दोनों युवक नीचे गिर गए। इसके बाद दोनों पैदल भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ और वाहन की जांच में सामने आया कि बरामद स्कूटी PS Pandav Nagar में दर्ज E-FIR No. 017539/26 के तहत चोरी की गई थी। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वाहन चोरी के चार अन्य मामलों में भी अपनी संलिप्तता बताई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आमिर निवासी मयूर विहार, दिल्ली और दूसरे आरोपी की पहचान सलीम निवासी जिला खीरी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आमिर पहले भी थाना पांडव नगर में दर्ज एक मामले में शामिल रहा है, जबकि सलीम का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
पुलिस ने चोरी की ग्रे रंग की TVS Jupiter स्कूटी जब्त कर ली है। आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की गई है और पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों किसी अन्य वाहन चोरी की वारदात में भी शामिल थे या नहीं तथा इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

