प्रदीप सिंह उज्जैन। दिल्ली में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए AATS की टीम ने एक सक्रिय ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मणिपुर निवासी 31 वर्षीय जमीर खान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से चोरी किए गए 5 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मणिपुर के थौबल जिले का रहने वाला है और दोपहिया वाहन चोरी करने के मकसद से दिल्ली आया था। वह अपने एक साथी के साथ मिलकर दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करता था। पुलिस को पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसका साथी चोरी किए गए वाहनों को मणिपुर और अन्य राज्यों में पहुंचाता था।
वाहन चोरी पर लगाम लगाने और सक्रिय ऑटो-लिफ्टरों की गिरफ्तारी के लिए AATS की टीमें लगातार अभियान चला रही थीं। इसी दौरान टीम ने CCTV फुटेज के विश्लेषण और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी।
विशेष सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोटला मुबारकपुर, दिल्ली में कार्रवाई करते हुए जमीर खान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से 3 चोरी की स्कूटी और 2 चोरी की मोटरसाइकिल, कुल 5 दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, बरामद वाहनों से तिलक नगर, हरि नगर, नांगलोई, जनकपुरी और DBG रोड थानों में दर्ज 5 मोटर व्हीकल चोरी के मामलों को सुलझाया गया है।
पुलिस अब आरोपी के फरार साथी की तलाश में छापेमारी कर रही है। साथ ही, चोरी के वाहनों की चोरी, परिवहन और दूसरे राज्यों में खपाने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के प्रयास भी जारी हैं।

