असल न्यूज़। स्वरूप नगर थाना पुलिस ने कादीपुर इलाके में हुई घर में चोरी की वारदात को सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और ₹20,000 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार कादीपुर, स्वरूप नगर स्थित एक मकान में चोरी की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता ललित सैनी ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के साथ गांव खामपुर में जागरण में गए थे। घर लौटने के बाद जब उन्होंने अलमारी की जांच की तो उसमें रखे जेवरात और नकदी गायब मिली।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए SHO इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई, जिसमें SI सुखबीर सिंह और HC परवीन शामिल थे। टीम ने लगातार फील्ड जांच के साथ तकनीकी निगरानी की और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी।
पुलिस की जांच के दौरान दिनेश पुत्र राजबीर, उम्र 26 वर्ष, निवासी खड्डा कॉलोनी, स्वरूप नगर, दिल्ली को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर उसके दोस्त के कमरे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और ₹20,000 नकद बरामद किए गए।
पुलिस अब आरोपी के सहयोगी की तलाश कर रही है। साथ ही चोरी की बाकी संपत्ति बरामद करने और आरोपी व उसके सहयोगी की अन्य आपराधिक वारदातों में संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

