असल न्यूज़। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने स्ट्रीट क्राइम पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक सक्रिय चोर-स्नैचर को गिरफ्तार किया है। थाना भारत नगर की चौकी संगम पार्क पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर 4 चोरी के दोपहिया वाहन, 5 चोरी के मोबाइल फोन, एक बटन संचालित चाकू और एक क्राफ्ट चाकू बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनीश उर्फ प्रिंस उर्फ पानीपत, पुत्र यामीन, उम्र 26 वर्ष, निवासी लाल बाग, आजादपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी आदतन और सक्रिय अपराधी है तथा पूर्व में स्नैचिंग और चोरी के 5 मामलों में उसकी संलिप्तता सामने आई है।
सत्यवती फ्लाईओवर पर पुलिस ने दबोचा
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को चौकी संगम पार्क क्षेत्र में HC राकेश और कांस्टेबल हरकेश नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने सत्यवती फ्लाईओवर पर एक व्यक्ति को संदिग्ध हालत में देखा।
पुलिस को देखते ही आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन गश्ती पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक बटन संचालित चाकू बरामद हुआ। इसके अलावा उसके पास से एक मोटरसाइकिल भी मिली, जो जांच में थाना सिविल लाइंस क्षेत्र से चोरी की पाई गई।
पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी और स्नैचिंग की कई वारदातों में अपनी संलिप्तता का खुलासा किया। आगे की जांच और आरोपी की निशानदेही पर 3 और चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, ये वाहन थाना केशव पुरम, थाना महेंद्र पार्क और थाना आदर्श नगर क्षेत्र से चोरी किए गए थे। इसके अलावा आरोपी के कब्जे/निशानदेही से 5 चोरी के मोबाइल फोन और एक क्राफ्ट चाकू भी बरामद किया गया।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई को चौकी संगम पार्क के HC राकेश और Ct. हरकेश ने अंजाम दिया। टीम ने I/C चौकी संगम पार्क SI राजेश पिलानिया के नेतृत्व में कार्रवाई की। यह कार्रवाई SHO भारत नगर इंस्पेक्टर राम किशोर के निर्देशन और ACP अशोक विहार आकाश रावत की निगरानी में की गई।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

