असल न्यूज़। राजधानी दिल्ली के निहाल विहार थाना क्षेत्र में देर रात गोली लगने से 30 वर्षीय युवक फैज सैफी की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला कथित आत्महत्या का सामने आया है। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक तड़के करीब 2:24 बजे थाना निहाल विहार में एक PCR कॉल प्राप्त हुई। कॉलर शकील सैफी ने बताया कि उनके बेटे ने खुद को गोली मार ली है और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है।
बताया गया कि फैज सैफी ने निहाल विहार स्थित अपने आवास की पहली मंजिल पर कथित तौर पर खुद को गोली मारी। परिजन उसे तत्काल बालाजी अस्पताल, पश्चिम विहार लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। मौके पर क्राइम टीम ने निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और कथित हथियार को भी कब्जे में लिया गया है।
पुलिस परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फैज ने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस घटना के पीछे की वजह और परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
फैज सैफी सैफी अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वह शादीशुदा थे और उनके दो बच्चे थे। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

