असल न्यूज़। दिल्ली के मंगोलपुरी थाना पुलिस ने झपटमारी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक मंगोलपुरी थाने में मोबाइल झपटमारी की शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह घर जा रहा था और भगवान महावीर अस्पताल रोड पर रोड नंबर 43 (पमार्थ रोड) ट्रैफिक सिग्नल के पास एक ई-रिक्शा में सवार हुआ था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक ई-रिक्शा के पास पहुंचे और बाइक पर पीछे बैठे आरोपी ने उसका मोबाइल फोन झपट लिया। दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आरोपियों के संभावित रूट की CCTV फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल का पीछा करते हुए उसे दीप विहार, सेक्टर-24 इलाके में ट्रेस किया।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों सुमित और साहिल उर्फ साहिल गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मोबाइल बरामद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात में अपनी कथित संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर शिकायतकर्ता से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।
जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की भी जांच की गई। पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल 30 अगस्त 2026 को थाना प्रशांत विहार क्षेत्र से चोरी की गई थी और इस संबंध में e-FIR नंबर 0200488/26, धारा 305(b) BNS के तहत मामला दर्ज था।
इस तरह पुलिस ने झपटमारी के मामले के साथ-साथ मोटरसाइकिल चोरी के मामले का भी खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित, निवासी रोहिणी, दूसरे आरोपी की पहचान साहिल उर्फ साहिल गोस्वामी, निवासी अमन विहार के रूप में हुई है.
पुलिस टीम में ASI विशेष्वर, HC अजय और HC विकास शामिल रहे। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर महेंद्र प्रताप सिंह, SHO थाना मंगोलपुरी ने किया, जबकि कार्रवाई ACP सुल्तानपुरी अमित ईशर की निगरानी में की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।

