असल न्यूज़। आउटर जिला पुलिस की एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल ने मंगोलपुरी थाना क्षेत्र में हुई घर में चोरी के मामले को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस टीम ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए 4 सोने की अंगूठियां और 2 चांदी के कड़े बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को मंगोलपुरी थाना पुलिस को घर से सोने और चांदी के सामान चोरी होने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर e-FIR नंबर 80078272/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले को सुलझाने के लिए एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और साथ ही स्थानीय स्तर पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
CCTV और स्थानीय सूचना से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस को आरोपी के मंगोलपुरी में मौजूद होने की जानकारी मिली। सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी कर अमन गुप्ता को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
बरामद सामान को पुलिस ने केस प्रॉपर्टी के तौर पर जब्त कर लिया है। आरोपी की पहचान अमन गुप्ता, निवासी मंगोलपुरी, दिल्ली पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और चोरी से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

