असल न्यूज़: पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक का अपहरण कर उस पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। मामले में जाफराबाद थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पेपर कटर भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अब्बास उर्फ छमिया और समीर उर्फ बाबू के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान शाकिर के रूप में हुई है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुरानी रंजिश में युवक को दी धमकी
पुलिस जांच के अनुसार, 19 नवंबर की रात करीब डेढ़ बजे असलम राशिद बिरयानी के पास जाफराबाद इलाके में मौजूद था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर अब्बास उर्फ छमिया, समीर उर्फ बाबू और शाकिर वहां पहुंचे। तीनों आरोपी असलम को पहले से जानते थे और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे।
बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ साल पहले ब्लेड से हमला करने की पुरानी रंजिश को लेकर अब्बास ने असलम को धमकी दी। जब असलम ने वहां से भागने की कोशिश की तो तीनों आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि अब्बास ने उसकी गर्दन पर चाकू लगा दिया और बाकी आरोपियों ने उसे जबरन बाइक पर बैठाकर ब्रह्मपुरी की गली नंबर-21 में पहुंचा दिया।
गर्दन और शरीर पर किए कई वार
ब्रह्मपुरी पहुंचने के बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर असलम पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसकी गर्दन, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल असलम किसी राहगीर की मदद से जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचा, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, तीसरे की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद जाफराबाद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद अब्बास उर्फ छमिया को 20 नवंबर और समीर उर्फ बाबू को 22 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पेपर कटर भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। वहीं, तीसरे आरोपी शाकिर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

