Thursday, November 26, 2026
Google search engine
Homeदेश विदेशफरीदाबाद में चाऊमीन खाने से 8 साल के बच्चे की मौत, बड़ा...

फरीदाबाद में चाऊमीन खाने से 8 साल के बच्चे की मौत, बड़ा भाई ICU में भर्ती; परिवार में मचा कोहराम

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। डबुआ कॉलोनी थाना क्षेत्र की नेहरू कॉलोनी में चाऊमीन खाने के बाद दो सगे भाइयों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। दोनों को उल्टियां होने लगीं। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान 8 वर्षीय छोटे भाई राघव की मौत हो गई। वहीं, 10 वर्षीय बड़ा भाई कुनाल आईसीयू में भर्ती है। उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। शुरुआती तौर पर इस घटना को फूड प्वाइजनिंग से जोड़कर देखा जा रहा है।

बाजार में चाऊमीन खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, नेहरू कॉलोनी निवासी शमशेर सेक्टर-58 में मोटर मैकेनिक का काम करते हैं। 21 नवंबर की शाम करीब सात बजे उनका छोटा बेटा राघव ट्यूशन से घर लौटा। उसने मां से भूख लगने की बात कही। इसी दौरान उसका बड़ा भाई कुनाल भी घर पहुंच गया।

बताया जा रहा है, कि कुछ देर बाद दोनों भाई पैसे लेकर घर से बाहर चले गए और बाजार में चाऊमीन खाई। घर लौटने के कुछ समय बाद राघव को चक्कर आने लगे और उल्टी जैसा महसूस हुआ। इसके बाद बड़े भाई कुनाल की भी तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं।

अस्पताल में छोटे भाई ने तोड़ा दम

दोनों बच्चों की हालत बिगड़ती देख परिजन उन्हें एनआईटी-3 स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। बाद में उन्हें दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान 8 वर्षीय राघव ने दम तोड़ दिया, जबकि 10 वर्षीय कुनाल को आईसीयू में भर्ती कराया गया। उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने राघव के शव का पोस्टमार्टम कराया है। डबुआ कॉलोनी थाना प्रभारी सुमेर सिंह के अनुसार, बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल, चाऊमीन खाने के बाद दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ने के कारण फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

फिलहाल इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है और सभी की नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments