Friday, November 27, 2026
Google search engine
Homecrime newsभारत नगर पार्क में बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी ने जेल से बाहर...

भारत नगर पार्क में बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी ने जेल से बाहर आते ही फिर किया कांड.

किरन शर्मा: दिल्ली के पार्कों में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के भारत नगर थाना क्षेत्र स्थित इस्माइल खान पार्क में 10 वर्षीय बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में 40 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले भी नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में सात साल की सजा काट चुका है और कुछ महीने पहले ही जेल से बाहर आया था।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार दोपहर स्कूल से लौट रही चौथी कक्षा की छात्रा पार्क के रास्ते अपने मामा के घर जा रही थी। इसी दौरान पार्क में मौजूद आरोपी ने उसे रोककर सुनसान जगह पर ले जाने का आरोप है। बच्ची की चीख सुनकर पार्क में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।

बच्ची की आवाज सुनकर लोगों ने आरोपी को पकड़ा

जानकारी के अनुसार, बच्ची अपने परिवार के साथ इस्माइल खान पार्क के पास रहती है। मंगलवार को वह रोज की तरह स्कूल गई थी। स्कूल की छुट्टी के बाद वह अकेले पार्क के रास्ते अपने मामा के घर जा रही थी।

इसी दौरान पार्क में मौजूद आरोपी ने बच्ची को रोक लिया और बातचीत के बहाने उसे पार्क के एक सुनसान हिस्से में झाड़ियों के पीछे ले गया। वहां बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न किए जाने का आरोप है।

घटना के दौरान बच्ची की चीख-पुकार सुनकर पार्क में मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पार्क के निजी सुरक्षा गार्ड के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर भारत नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने बच्ची की शिकायत और मामले की जांच के आधार पर दुष्कर्म तथा पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

सात साल की सजा काटकर हाल ही में आया था बाहर

उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 40 वर्षीय राजेश के रूप में हुई है, जो चंद्रावल नगर का रहने वाला बताया गया है। आरोपी पेशे से कारपेंटर है और नशे का आदी बताया जा रहा है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी एक नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में दोषी ठहराया गया था। उस मामले में उसे सात साल की कैद की सजा हुई थी। सजा पूरी करने के बाद वह कुछ महीने पहले ही जेल से बाहर आया था।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बच्ची की हत्या करने की मंशा होने की बात भी कही है। इस पहलू की जांच की जा रही है।

दो महीने में दूसरी बड़ी घटना, पार्कों की सुरक्षा पर सवाल

इस घटना ने दिल्ली के सार्वजनिक पार्कों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर चिंता बढ़ा दी है। करीब दो महीने पहले 21 सितंबर को कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट की घटना सामने आई थी।

उस घटना के बाद पार्कों में महिला पुलिसकर्मियों की गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने जैसे कदमों की घोषणा की गई थी। लेकिन भारत नगर के पार्क में दिनदहाड़े हुई घटना के बाद इन व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।

आरोपी अदालत में पेश, तिहाड़ जेल भेजा गया

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद बुधवार को अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया है।

मामले की जांच जारी है। बच्ची की सुरक्षा और सहायता के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पार्कों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संवेदनशील स्थानों पर नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments