लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 12 वर्षीय रोजेदार बच्चे उनैज खान की गोली मारकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि बच्चे को जन्मदिन की पार्टी के बहाने घर से बुलाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम मृतक का सहपाठी नवनीत उसे बर्थडे पार्टी में ले जाने की बात कहकर अपने साथ ले गया। कुछ देर बाद परिवार को व्हाट्सएप कॉल के जरिए सूचना दी गई कि उनका बेटा अस्पताल में भर्ती है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने बच्चे को मृत पाया। आरोप है कि गोली बेहद नजदीक से माथे पर सटाकर मारी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार का कहना है, कि करीब एक साल पहले स्कूल में उनैज और नवनीत के बीच विवाद हुआ था। उस समय नवनीत के पिता संजीव त्रिपाठी ने कथित तौर पर धमकी भी दी थी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि इसी रंजिश के चलते बच्चे को बहाने से बुलाकर हत्या की गई।
मामले में संजीव त्रिपाठी और उनके बेटे नवनीत त्रिपाठी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। संजीव त्रिपाठी को स्थानीय स्तर पर भाजपा के पूर्व एमएलसी गुड्डू त्रिपाठी का भाई बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से प्रारंभिक स्तर पर घटना को “एक्सीडेंटल फायर” बताए जाने की चर्चा भी है, जिस पर परिजन सवाल उठा रहे हैं।
पुलिस का कहना है, कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

