Wednesday, March 4, 2026
Google search engine
Homecrime newsरोहिणी सेक्टर-28 में 9वीं की छात्रा से अपहरण की कोशिश नाकाम, राहगीरों...

रोहिणी सेक्टर-28 में 9वीं की छात्रा से अपहरण की कोशिश नाकाम, राहगीरों की बहादुरी से भागे बदमाश

असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 28 इलाके में दिनदहाड़े 9वीं कक्षा की छात्रा के अपहरण की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। राहगीरों की बहादुरी और एकजुटता के चलते बदमाशों के मंसूबे ध्वस्त हो गए और उन्हें मौके से फरार होना पड़ा।

घटना शाहबाद डेरी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक 15 वर्षीय छात्रा शुक्रवार को ट्यूशन जाने के लिए घर से निकली थी। वह घर के पास बस स्टॉप पर खड़ी होकर बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान कार सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर अश्लील हरकतें करने लगे।

पीड़िता के विरोध करने पर आरोपितों ने उसे जबरन कार में खींचने की कोशिश की। इस दौरान एक बदमाश ने छात्रा का सिर कार के बोनट पर दे मारा। छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाया, जिससे आसपास मौजूद लोग सतर्क हो गए।

राहगीरों की बहादुरी से टली वारदात

छात्रा की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों की ओर बढ़े। भीड़ को अपनी तरफ आते देख आरोपित घबरा गए और पकड़े जाने के डर से कार में बैठकर फरार हो गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने छात्रा का हौसला बढ़ाया। बाद में पीड़िता घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।


पोक्सो और अपहरण की कोशिश का केस दर्ज

पीड़िता की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने पोक्सो एक्ट, छेड़छाड़ और अपहरण की कोशिश समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक कार नंबर के आधार पर वाहन मालिक तक पहुंच बनाई गई है, लेकिन घटना के दिन कार चला रहा व्यक्ति फिलहाल फरार है। पुलिस आरोपितों के रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ कर रही है।


चार दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं

सूत्रों के अनुसार, घटना के चार दिन बाद भी मुख्य आरोपित पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments