असल न्यूज़: राजधानी नई दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके के एक होटल में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए दिल्ली पुलिस ने दिल्ली विश्वविद्यालय के एक छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अभिषेक तिवारी (24) के रूप में हुई है, जिसे हरियाणा के दादरी से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने युवती को होटल में बुलाकर पहले उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि युवती उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची।
नॉर्थ जिले के डीसीपी राजा बांठिया के मुताबिक, मृतका 25 वर्षीय युवती थी जो चांदनी चौक की एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट के रूप में काम करती थी।
दो साल पहले हुई थी मुलाकात
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अभिषेक तिवारी की मुलाकात करीब दो साल पहले एक दोस्त के जरिए युवती से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती गहरी हो गई, लेकिन हाल के दिनों में युवती आरोपी पर शादी करने का दबाव डाल रही थी, जिसे वह स्वीकार नहीं करना चाहता था।
11 मार्च को वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार आरोपी ने 11 मार्च को युवती को चर्च मिशन रोड स्थित एक होटल में मिलने के लिए बुलाया। यहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने, जिसके बाद आरोपी ने उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और कमरे को बाहर से बंद कर फरार हो गया।
होटल कर्मचारी की सूचना से खुला मामला
यह मामला तब सामने आया जब होटल के एक कर्मचारी ने पुलिस को सूचना दी कि कमरे का दरवाजा बार-बार खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कमरे से युवती का शव बरामद हुआ।
मृतका मौजपुर की रहने वाली थी, और अपने माता-पिता, दादी और छोटी बहन के साथ रहती थी। परिजनों ने उसके घर न लौटने पर जाफराबाद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

