असल न्यूज़: बुलंदशहर में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। LPG सिलेंडर लेने गैस एजेंसी जा रहे दंपती की बाइक को डीएवी फ्लाईओवर पर एक कैंटर वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक से गिरी 27 वर्षीय गर्भवती महिला फराह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, महिला अपने पति के साथ बाइक से गैस एजेंसी जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिर गई और कैंटर के पिछले पहिये से उसका सिर कुचल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद, कैंटर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद फ्लाईओवर के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने, पर उत्तर प्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची और कैंटर को कब्जे में लेकर फ्लाईओवर से हटवाया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया है।
अल्ट्रासाउंड कराने जा रहे थे दंपती
परिजनों के अनुसार मृतका फराह तीन माह की गर्भवती थी। शुक्रवार को उसका अल्ट्रासाउंड कराया जाना था। पति-पत्नी गांव से गैस सिलेंडर भरवाने और अल्ट्रासाउंड कराने के लिए शहर आए थे।
बताया जा रहा है कि बाइक चला रहे पति ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि महिला ने हेलमेट नहीं लगाया था।
धर्मेंद्र सिंह राठौर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर ने बताया कि कैंटर को कब्जे में ले लिया गया है और मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

