असल न्यूज़: दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 15 वर्षीय किशोर की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रेहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह टहलने के लिए घर से निकला था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए।
परिजनों के अनुसार, रेहान पर पहले भी हमला हो चुका था और उसे चाकू मारा गया था। उस समय परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिवार का आरोप है कि अगर पुलिस ने पहले मामले में सख्ती दिखाई होती, तो आज यह दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस हत्या के पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसकी वजह क्या रही।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

