अजय शर्मा: नरेला औद्योगिक क्षेत्र में आज सुबह एक बड़ी आग लगने की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, ई-ब्लॉक स्थित 899 नंबर फैक्ट्री में सुबह करीब 8:00 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग फैक्ट्री की ऊपरी मंजिल में लगी थी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई, जिसके बाद मौके पर कई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाने का काम लगातार जारी है।
बताया जा रहा है कि इस फैक्ट्री में जूते-चप्पल के सोल बनाने का काम किया जाता था। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
राहत की बात यह रही कि समय रहते फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
दमकल विभाग की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश में जुटी हुई हैं और आसपास के इलाके में एहतियात बरता जा रहा है।

