असल न्यूज़: दक्षिणी दिल्ली के नेहरू प्लेस इलाके में नॉर्थ ईस्ट की दो महिलाओं के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना कालकाजी थाना क्षेत्र की है, जहां कुछ युवकों ने महिलाओं पर कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणियां करने के बाद उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
सूचना मिलने के बाद मौके, पर पहुंची पुलिस ने दोनों पीड़िताओं को इलाज के लिए एम्स अस्पताल पहुंचाया। मेडिकल जांच और बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
10 मई की सुबह हुई घटना
दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी के अनुसार घटना 10 मई की सुबह की है। कालकाजी थाना पुलिस को सुबह करीब सात बजे पीसीआर कॉल मिली थी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम इरोस होटल, नेहरू प्लेस के पास स्थित एक चाय की दुकान पर पहुंची, जहां दोनों पीड़ित महिलाएं मौजूद थीं।
महिलाओं पर की गईं अपमानजनक टिप्पणियां
पीड़िताओं ने पुलिस को बताया कि कुछ लोगों ने उनके खिलाफ अभद्र और अपमानजनक टिप्पणियां कीं। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं को एम्स अस्पताल ले जाकर मेडिकल जांच कराई।
कई धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने पीड़िताओं की शिकायत के आधार पर कालकाजी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं — 115(2), 74, 126(2), 351(2), 78 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
CCTV फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलाके के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद चार मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली गई।
पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
गौरतलब है कि दक्षिणी दिल्ली में हाल के दिनों में महिलाओं के साथ अभद्रता और मारपीट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले मालवीय नगर थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे।
फिलहाल पुलिस का कहना है, कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

